
पुलिस के मुताबिक, मृतक नानू उर्फ छय (17) शांति नगर का रहने वाला था। शादियों में घोड़ी चलाने का काम करता था। महाशिवरात्रि के अवसर पर दो दिन से चल रही भगवान की बारात में वह नाच-गाना कर रहा था। इस दौरान 16 फरवरी की शाम कुछ युवक वहां पहुंचे और उसके साथ कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और युवकों ने चाकू निकालकर नानू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पेट, सिर, पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। गंभीर रूप से घायल नानू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रात में ही इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक महीने पहले भी हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि, करीब एक महीने पहले नानू का किसी युवक से विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मोहन नगर थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
संदिग्ध युवकों को लिया हिरासत में
पुलिस ने देर रात 4 से 5 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि इस मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है