छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मिडिल स्कूल के 35 विद्यार्थियों ने काट ली थी अपनी कलाई, मचा हड़कंप

Chhattisgarh Crimesधमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एक स्कूल में 35 बच्चों द्वारा अपनी कलाई काटने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। दहदहा स्थित मिडिल स्कूल के अलग-अलग कक्षा के विद्यार्थियों ने अपनी कलाई काट ली थी। घटना 20 दिन पुरानी बताई जा रही है। बच्चों के अभिभावकों को जब यह बात पता चली तो उन्होंने इसे पंचायत में उठाया।

इसके बाद प्रशासन की टीम ने स्कूल में पहुंचकर बच्चों से बात भी की थी। पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन को लगता है कि बच्चों ने एक-दूसरे को देखकर अपनी कलाई काटी थी। इस मामले की जांच की जा रही है।

कलाई काटने के मामले में अभाविप ने जताई नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी दी

कुरुद ब्लाक के ग्राम दहदहा के शासकीय माध्यमिक स्कूल के 35 विद्यार्थियों के कलाई काटने के मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नाराजगी जताई है। बुधवार को परिषद के पदाधिकारियों ने डीईओ कार्यालय पहुंचकर सहायक संचालक आर एन मिश्रा को ज्ञापन सौंप कर विशेष कमेटी बनाकर जांच की मांग की है। अभाविप ने इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

जिला संयोजक हितेश घृतलहरे ने बताया कि कुरूद ब्लाक के अंतर्गत ग्राम दहदहा के एक सरकारी माध्यमिक स्कूल के लगभग 35 विद्यार्थियों के कलाई काटने का मामला संज्ञान में आया है। जिसको लेकर आज डीईओ कार्यालय आए हैं। इस घटना में कक्षा छठवीं से आठवीं तक के छात्र – छात्राएं शामिल है। यह घटना केवल हाथ काटने तक सीमित नहीं है, यह उस ओर इशारा है जहां विद्यार्थी सुरक्षित नहीं है।

यह घटना न केवल प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाता है, बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक स्थिति पर भी चिंता पैदा करता है। अभाविप मांग करती है कि इस मामले की जांच के लिए विशेष कमेटी बनाया जाए। जांच के बाद संबंधित व्यक्तियों के ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान छात्रावास प्रभारी प्रमोद भारती एवं अभाविप कार्यकर्ता दुर्गेश नेताम उपस्थित थे।

Exit mobile version