छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक 4 साल की बच्ची की मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची साड़ी के झूले को झूलने के लिए निकाल रही थी। इसी दौरान उसकी गर्दन झूले में फंस गई और मौके पर उसकी जान चली गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा कोतरा रोड थाना क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जामपाली निवासी रामलाल सारथी की पत्नी और उनकी 4 साल की बेटी रिद्धिमा सारथी गुरुवार की शाम घर पर थे। रिद्धिमा के लिए घर में साड़ी का झूला बंधा हुआ था, जिसमें वह खेलती और झूलती थी। गुरुवार को रिद्धिमा घर में अकेली थी, क्योंकि उसकी मां बाहर दुकान से कुछ सामान लेने गई थी।

इसी दौरान रिद्धिमा झूला निकालने की कोशिश करने लगी और उसका गला झूले में फंस गया। वह खुद बाहर नहीं निकल सकी और उसकी मौत हो गई।

कुछ देर बाद जब रिद्धिमा की मां घर लौटी, तो उसने उसे झूले में फंसा देखा। तुरंत परिजनों को सूचना दी और किसी तरह उसे अस्पताल ले गई, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी तुरंत कोतरा रोड पुलिस को दी गई।

मामले में जांच की जा रही

कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि गुरुवार की शाम उन्हें घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि साड़ी का झूला ऊपर टांगकर रखा गया था और उसके बगल में बाइक खड़ी थी।

रिद्धिमा उस झूले पर चढ़कर इसे निकालने की कोशिश कर रही थी, तभी उसका गला फंस गया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version