छत्तीसगढ़ में मतदाताओं की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में मतदाताओं की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत नाम जोड़ने, हटाने के लिए बुलाए गए दावे-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश में वोटरों की संख्या 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 हो गई है। ड्राफ्ट के बाद 2 लाख 34 हजार 994 वोटरों की संख्या बढ़ी है।

वहीं, 1 लाख 8 हजार 807 वोटर्स के नाम हटाए गए हैं। इनमें ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनमें किसी की मौत हो चुकी है, जो कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं। सबसे ज्यादा रायपुर में 30 हजार वोटरों के नाम कटे हैं, कोरबा में 15 हजार और दुर्ग में 7 हजार वोटरों के नाम कटे हैं।

SIR प्रक्रिया 4 महीने तक चली। 21 फरवरी 2026 को जारी राज्य की अंतिम मतदाता सूची में ड्राफ्ट से पहले 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता थे। ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 मतदाता हुए। अब अंतिम प्रकाशन के बाद 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 वोटर्स हो गए हैं। सबसे ज्यादा 30 हजार वोटर्स दुर्ग जिले में बढ़े हैं। जबकि सबसे कम रायपुर में वोटरों की संख्या बढ़ी है, यहां सिर्फ 521 नए मतदाताओं के नाम जुड़े हैं।

छत्तीसगढ़ में 27 हजार से ज्यादा BLO ने किया सर्वे

SIR के पूरे अभियान में 27,196 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित किए। मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों की पहचान कर सूची को अपडेट किया गया। इश दौरान करीब 1.84 करोड़ मतदाताओं के गणना फॉर्म का डिजिटलीकरण किया गया।

दावे-आपत्तियों का तय समय में निराकरण

23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 के बीच नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां ली गईं। सभी आवेदनों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया। जिन मतदाताओं के फॉर्म वापस नहीं मिले, उनकी विधानसभा-वार सूची आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की गई।

राजनीतिक दलों को मुफ्त में उपलब्ध कराई गई सूची

हर जिले में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की दो प्रतियां (एक फोटोयुक्त प्रिंटेड और एक बिना फोटो सॉफ्ट कॉपी) निशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। SIR के दौरान प्राप्त नवीनतम फोटो भी सूची में अपडेट किए गए हैं।

4 महीने चला अभियान

27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ यह अभियान राज्य के 33 जिलों में मिशन मोड पर चलाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक अधिकारियों, BLO और बूथ लेवल एजेंट्स की सक्रिय भागीदारी रही। मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए भी मतदाताओं को जागरूक किया गया।

ऑनलाइन भी देख सकते हैं अपना नाम

मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सभी मतदान केंद्रों और निर्धारित स्थानों पर किया गया है। इसके अलावा यह सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है, जहां मतदाता अपने विवरण की जांच कर सकते हैं।

ऐसे करें अपने नाम की जांच, इस वेबसाइट पर पूरी जानकारी

तिम मतदाता सूची जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट raipur.gov.in, वोटर पोर्टल की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in पर उपलब्ध है।

वोटर लिस्ट से नाम कट गया तो क्या करें?

वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। त्रुटि सुधार या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरें। अंतिम सूची जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Exit mobile version