कटघोरा में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesकटघोरा में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम तन्मय खन्ना के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया, जो अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे थे। इन ट्रैक्टरों को कटघोरा थाने को सौंप दिया गया है।

यह कार्रवाई कटघोरा तहसील क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है। एसडीएम के मार्गदर्शन में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अवैध रेत खनन-परिवहन में लगे वाहनों पर त्वरित कार्रवाई की।

SDM ने कहा- जारी रहेगा अभियान

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि अवैध रेत उत्खनन से न केवल राजस्व की हानि होती है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। इसी कारण जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।

कठोर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी

उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध खनन में लिप्त पाए जाने पर और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि अवैध उत्खनन संबंधी कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि ऐसे कृत्यों पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।

यह कार्रवाई कटघोरा क्षेत्र की नदी से हो रहे अवैध रेत उत्खनन पर की गई है। जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की। इससे पहले भी इस क्षेत्र में अवैध रेत तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अवैध गतिविधियां जारी हैं।

Exit mobile version