छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार को पति ने पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार को पति ने पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी पत्नी के कैरेक्टर पर शक करता था। झगड़े के बाद गुस्साए पति ने डंडे से पत्नी को इतना पीटा कि, उसकी जान चली गई। मामला बालको थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति का नाम फुलजेन तिर्की (38) है। चरित्र संदेह को लेकर पत्नी गीता तिर्की (36) के अक्सर विवाद होता था। सोमवार सुबह इसी बात पर दंपती के बीच झगड़ा हो गया। पिटाई के दौरान गीता के सिर पर गंभीर चोट लगी थी।

बताया जा रहा है कि पति रविवार को ही गोवा से लौटा था। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, फुलजेन तिर्की अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में रहता था। दोनों वहां एक निजी कंपनी में काम करते थे। जबकि गीता अपने छोटे बेटे के साथ मुड़धुवा गांव में रहती थी। रविवार रात बाप-बेटा गोवा से गांव पहुंचे।

सोमवार सुबह फुलजेन का पत्नी से उसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्साए पति ने पास रखे डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक पत्नी की मौत हो चुकी थी

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस

स्थानीय लोगों की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लिया। इसके अलावा महिला के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पूछताछ में पति ने कैरेक्टर पर शक करना बताया।

पुलिस बोली- वैधानिक कार्रवाई की जा रही

इस मामले में थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपी पति फुलजेन तिर्की को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version