
ग्राम कुडुमकेला के तेलीपाटा निवासी सेतराम साव (31) सड़कपारा मेन रोड पर ‘साव कंप्यूटर एंड मोबाइल’ नाम से दुकान संचालित करते हैं। 15 फरवरी की रात करीब 8:15 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। अगली सुबह पहुंचने पर शटर का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि कपड़ा बांधकर चोर लोहे की रॉड से शटर तोड़कर अंदर घुसे और काउंटर में रखे मोबाइल बैग में भरकर ले गए। दुकान संचालक के मुताबिक चोर 43 नए मोबाइल, 40 पुराने मोबाइल, अन्य सामान और गल्ले में रखे 3 हजार कैश ले गए। चोरों ने CCTV कैमरा भी उखाड़ लिया, लेकिन DVR वहीं छोड़ दिया, जिससे पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई।
करीब 5 लाख का नुकसान
सेतराम साव ने बताया कि चोरी में लगभग 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आसपास तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में FIR दर्ज कराई गई।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।