छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आपसी विवाद में एक पड़ोसी रिश्तेदार ने परिवार के 3 लोगों को कुल्हाड़ी से काट डाला

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आपसी विवाद में एक पड़ोसी रिश्तेदार ने परिवार के 3 लोगों को कुल्हाड़ी से काट डाला। 24 फरवरी की तड़के 4 बजे आरोपी तुलसी सारथी (26) पड़ोस के घर में घुसा। जहां गहरी नींद में सो रहे परिवार के 5 सदस्यों पर हमला कर दिया।

घटना डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के झाल गांव की है। हमले में 3 सदस्यों की मौत हो गई। इनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है। 2 सदस्य गंभीर रुप से घायल है। घायलों में एक गर्भवती महिला शामिल है।

बताया जा रहा है दोनों परिवार के बीच 5 साल पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। तब राजेश सारथी ने तुलसी सारथी को गाली दी थी। तब से मनमुटाव था। हालांकि हत्या की वजह की अभी जांच जारी है। वारदात के बाद वह फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन डोंगरीपाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के पिता बोले- कोई बड़ा विवाद नहीं था

आरोपी तुलसी सारथी के पिता शौकीलाल ने बताया कि बेटा तुलसी बाहर होटल में रोजी मजदूरी करता था। 3 दिन पहले ही गांव आया था। सुबह 4 बजे टंगिया लेकर बेटा जंगल जा रहा हूं कहकर निकला था। पड़ोसी रिश्तेदार के घर से अचानक चिल्लाने की आवाज आई तो हम लोग भी पहुंचे। तब तक मार डाला था।

घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही एसपी आञ्जनेय वार्ष्णेय और एएसपी निमिषा पाण्डेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति का जायजा लिया गया और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस साक्ष्य जुटाने और घटना के कारणों की जांच में जुटी है। घायल लोगों का इलाज जारी है।

Exit mobile version