
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के अंगुल से दो कारों में गांजा ले जाया जा रहा है। इस जानकारी के आधार पर, टीम ने नेशनल हाईवे 53 पर रेहटीखोल चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की।
ईको कार की ‘पायलटिंग’ कर रही थी टोयोटा कार
जांच के दौरान, महाराष्ट्र पासिंग की एक टोयोटा कार (MH 01 BK 4102) और ओडिशा पासिंग की एक मारुति सुजुकी ईको कार (OD 19 T 6003) को रोका गया। इन दोनों कारों में एक महिला सहित कुल 8 लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि टोयोटा कार गांजे से भरी ईको कार की ‘पायलटिंग’ कर रही थी।
ईको कार में सवार लोगों की पहचान शिवा साहू (40, अंगुल, ओडिशा), निलोफार शफी (40, अकोला, महाराष्ट्र), सुल्तान खान (34, चेंबूर, महाराष्ट्र), नरोत्तम बेहरा (40, अंगुल, ओडिशा) और सुशील साहू (34, अंगुल, ओडिशा) के रूप में हुई।
प्लास्टिक की बोरियों में छिपा रखे थे गांजा
टोयोटा कार के ड्राइवर दिलशाद खान (33, अमौर, बिहार) और उसमें सवार शेख जब्बार (27, अकोला, महाराष्ट्र) व बुधु भूतिया (29, अंगुल, ओडिशा) को भी हिरासत में लिया गया। कारों की तलाशी लेने पर प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 137 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 68.50 लाख रुपए है।
पुलिस ने तस्करों के पास से 7 मोबाइल फोन और 11,400 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। सभी 8 आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।