कांकेर पुलिस ने कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों में दुकानों और मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकांकेर पुलिस ने कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों में दुकानों और मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों दोस्त अपने शौक पूरे करने और एक दोस्त की बाइक की किस्त चुकाने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

आरोपियों ने 20 फरवरी को कांकेर जिले के कोरर थाना क्षेत्र में तीन दुकानों को निशाना बनाया था। इनमें एक कपड़े की दुकान से 21 हजार रुपए के कपड़े और 300 रुपए नकद, एक किराना दुकान से 4 हजार रुपए और एक मेडिकल स्टोर से 9 हजार रुपए चोरी किए गए थे।

तीनों आरोपी नारायणपुर जिले के निवासी हैं। 9 फरवरी को उन्होंने कोंडागांव जिले के फरसगांव से एक स्कूटी चोरी की थी। इसी स्कूटी का इस्तेमाल कर वे नारायणपुर गए और वहां एक मेडिकल और जूते की दुकान में चोरी की। इसके बाद वे कांकेर के चारामा में किराए के मकान में रहने लगे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज दास मानिकपुरी (22), ललित सोरी (19) और अनिल पोटाई (19) के रूप में हुई है। पंकज और ललित नारायणपुर जिले के निगरानीशुदा बदमाश हैं। तीनों के खिलाफ नारायणपुर जिले में भी विभिन्न अपराध दर्ज हैं।

बाइक की किस्त चुकाने वारदात को अंजाम दिया

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने शौक पूरे करने और आरोपी अनिल पोटाई की मोटरसाइकिल की किस्त चुकाने के लिए चोरी की इन वारदातों को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, दो मोबाइल फोन, एक जींस, पैंट, शर्ट और 410 रुपए नकद जब्त किए हैं।

Exit mobile version