छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने 9 वाहनों में लोड 140 टन अवैध स्क्रैप को पकड़ा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने 9 वाहनों में लोड 140 टन अवैध स्क्रैप को पकड़ा है। इसके साथ ही कुल 1.60 करोड़ रुपए की संपत्ति भी जब्त की गई है। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर दिया है और उनके खिलाफ आगे की जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा से ट्रक, माजदा और पिकअप में अवैध स्क्रैप (लोहा, टीन, टूटे हुए टुकड़े और मोटर पार्ट्स) लोड करके रायगढ़ जिले के गेरवानी और पूंजीपथरा क्षेत्र में लाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साइबर थाना, कोतवाली और जूटमिल थाना पुलिस को हाईवे और अंदरूनी रास्तों पर नाकेबंदी कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद, जूटमिल थाना पुलिस ने गढ़उमरिया-ओडिशा मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर तीन ट्रकों में लोड लगभग 85 टन स्क्रैप जब्त किया। वहीं, कोतवाली और साइबर थाना पुलिस ने उर्दना के पास नाकेबंदी कर 6 अन्य वाहन पकड़े, जिनमें लगभग 54 टन स्क्रैप पाया गया।

स्क्रैप का दस्तावेज पेश नहीं कर सके

पूछताछ में वाहन चालकों ने पुलिस को बताया कि वे स्क्रैप को ओडिशा से रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा और गेरवानी क्षेत्र में ले जा रहे थे। चालकों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं होने और स्क्रैप चोरी की संपत्ति होने के शक में, कोतवाली और जूटमिल थाना पुलिस ने उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया और कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने कुल 5 ट्रक, 3 माजदा और 1 पिकअप वाहन जब्त किए और इनके साथ लगभग 139.5 टन अवैध स्क्रैप भी बरामद किया।

आरोपियों को जेल भेजा जा रहा

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के संग्रह और परिवहन में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। चोरी या अवैध संपत्ति ले जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें जेल भी भेजा जा रहा है। हाल ही में 9 वाहन और कुल 1.60 करोड़ रुपए का स्क्रैप पुलिस ने जब्त किया है।

एसएसपी ने बताया कि इस मामले में आगे भी जांच और कार्रवाई जारी है।

इन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज 1. उज्जवल कुमार सिंह, निवासी गया बिहार 2. मोहम्मद खालिद, निवासी नालंदा बिहार 3. राणा सिंह, निवासी पिथौरा महासमुंद 4. मनीराम, निवासी जैजेपुर जिला सक्ती 5. युधिष्ठिर दास, निवासी अम्बाभौना जिला बरगढ़ ओडिशा 6. मोहनलाल सारथी, निवासी रेगड़ा रायगढ़ 7. भूषण साह, निवासी बृजराजनगर झारसुगुड़ा ओडिशा 8. करतार सिंह, निवासी बरगढ़ उड़ीसा 9. सुभाष कुमार मांझी, निवासी खम्हार जिला अंगुल ओडिशा

Exit mobile version