कोरबा में मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत

Chhattisgarh Crimesकोरबा में मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पेट्रोल पंप के पास हुई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भेजा।

मृतक की पहचान 22 वर्षीय गौरव श्रीवास के रूप में हुई है, जो सीएसईबी का निवासी था। गौरव श्रीवास पेशे से वीडियोग्राफर था। वह होली के लिए मिले वीडियोग्राफी के ऑर्डर के संबंध में बात करने जा रहा था। पुलिस की सूचना पर उसके दोस्त और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि, गौरव मुड़ापार की तरफ से टीपी नगर जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वाहन का पहिया उसके सिर पर चढ़ जाने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

पुलिस को घटनास्थल से एक लॉक मोबाइल फोन मिला। गौरव की मौत के बाद उसके अंगूठे का निशान लेकर फोन अनलॉक किया गया, जिसके बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता चल सके। उन्होंने यह भी बताया कि नो-एंट्री खुलने के बाद इस मार्ग पर भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार में भागते हैं, जिससे ऐसे हादसे होते रहते हैं।

इस मार्ग पर भारी वाहनों को प्रवेश देने के बाद से ही ट्रक एसोसिएशन ने प्रेस वार्ता कर इसका विरोध जताया था। एसोसिएशन ने चेतावनी दी थी कि आवाजाही वाले इस मार्ग पर प्रशासन द्वारा एंट्री देने से निश्चित रूप से हादसे होंगे और इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

Exit mobile version