छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में लूट के तीन मामलों का पुलिस ने खुलासा किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में लूट के तीन मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और पैसा, मोबाइल और मोटर साइकिल सहित लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया। यह मामला थाना कुकदूर इलाके का है।

थाना कुकदूर क्षेत्र में बीते फरवरी महीने में तीन अलग-अलग जगहों पर लूट की घटनाएं हुई थीं। इनमें राह चलते लोगों को धमकाकर उनका पैसा, मोबाइल और मोटर साइकिल लूट लिया गया।

इसमें पहली घटना 7 फरवरी को हुई थी, जिसमें कबराटोला के एक वाहन चालक से 5000 रुपए लूटे गए। दूसरी घटना 26 फरवरी की थी, जिसमें सिंगपुर के युवक से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूट ली गई और मोटर साइकिल की चाबी भी ले ली गई। तीसरी घटना 19 फरवरी की थी, जिसमें छिन्दीडीह के युवक को बहला-फुसला कर मोटर साइकिल लूट ली गई।

लूट के पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कराई। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम बनाई। पुलिस टीम ने इलाके में लगातार दबिश दी, संदिग्धों पर नजर रखी और तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने कुल 6 आरोपियों की पहचान की, जिनमें एक नाबालिग शामिल है। पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों ने तीनों घटनाओं में लूटा गया सामान पुलिस को बताकर बरामद कराया। इसमें नगद, मोबाइल और मोटर साइकिल शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपराध की घटना होने पर डरें नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि कबीरधाम पुलिस अपराधियों को बख्शने वाली नहीं है और अपराध करने वालों का अंत जेल में ही होगा।

Exit mobile version