
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीन बाई चंद्रा नामक महिला ने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके पति ने जहर खा लिया था और उनका इलाज चांपा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
9 जनवरी को एक अज्ञात व्यक्ति अस्पताल आया और खुद को उनका रिश्तेदार बताया। महिला उसे पहचान नहीं पाई। आरोपी ने उनके पति की हालत देखकर कहा कि जहर खाने वाले व्यक्ति को सरकार से 6 लाख रुपए मिलते हैं और इसके लिए फॉर्म भरना होगा।
बैंक में फॉर्म भरने के नाम पर ठगी
आरोपी महिला को चांपा स्थित एसबीआई बैंक ले गया और फॉर्म भरने के नाम पर 6500 रुपए लिए। कुछ देर बाद उसने महिला से कहा कि वजन करना है और ज्यादा वजन होने के कारण गले में पहनी सोने की माला पर्स में रख दें। महिला ने उसकी बात मानकर अपनी 13 फर वाली सोने की माला, पर्स में रखे 13500 रुपए और मोबाइल उसे सौंप दिया।
इंतजार के बहाने फरार हुआ आरोपी
आरोपी ने महिला से कहा कि वह साहब से मिलकर आ रहा है और उसे वहीं इंतजार करने को कहा। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं आया, तो महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने चांपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
CCTV से आरोपी की पहचान
चांपा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदेही हरिशंकर उर्फ राहुल डेंसिल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने महिला से ठगी की बात स्वीकार की।
सोने की माला जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13 फर वाली सोने की माला उसके घर से जब्त की। उसने बताया कि ठगी की गई नकदी रकम खर्च कर दी गई है। आरोपी हरिशंकर उर्फ राहुल डेंसिल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पहले भी कर चुका है ठगी
चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि आरोपी हरिशंकर उर्फ राहुल डेंसिल का आपराधिक रिकॉर्ड है। वह पहले भी शिवरीनारायण और चांपा में रिश्तेदार बताकर बाइक ठगी और अंबिकापुर में पुलिस की वर्दी पहनकर घूमने जैसे मामलों में शामिल रहा है।