कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesकांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 30 मार्च की रात लगभग 9:30 बजे हुई थी।

नाबालिग अपनी मां को बाथरूम जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 1 अप्रैल को पिता ने पखांजूर थाने में अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने तलाश शुरू की

रिपोर्ट पर पखांजूर थाने में गुम इंसान क्रमांक 14/2026 और अपराध क्रमांक 65/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी और पतासाजी की।

यूपी से आरोपी को किया गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अपहृत बालिका और संदेही आरोपी मिंटू मंडल (21), निवासी पीव्ही-41 पुरुषोत्तमनगर, थाना पखांजूर, उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में हैं। सूचना मिलते ही पखांजूर पुलिस और साइबर सेल की टीम तुरंत उत्तर प्रदेश रवाना हुई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी मिंटू मंडल को पकड़कर पखांजूर थाने ले आई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी मिंटू मंडल, पिता मनोतोष मंडल ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Exit mobile version