बलौदाबाजार-लवन मार्ग पर सोमवार दोपहर दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार-लवन मार्ग पर सोमवार दोपहर दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा दुर्गा कैरियर के पास हुआ, जहां एक कार डिवाइडर पर बने कट से दूसरी तरफ जाते समय लवन मार्ग से आ रही दूसरी कार से टकरा गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया। हालांकि, गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।

दोपहर के समय हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को कारों से बाहर निकालने में मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल घायलों के नाम-पते की जानकारी सामने नहीं आई है।

डिवाइडर के कट को लेकर पहले भी उठते रहे सवाल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शहर में डिवाइडर पर बने कई कट दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। दुर्गा कैरियर के पास भी पहले कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि अनियंत्रित तरीके से बनाए गए कट के कारण वाहन अचानक दूसरी लेन में पहुंच जाते हैं, जिससे टक्कर का खतरा बना रहता है।

अनावश्यक कट बंद करने की मांग

शहरवासियों ने प्रशासन से डिवाइडर और कट को यातायात नियमों के अनुरूप व्यवस्थित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जहां कट की जरूरत नहीं है, वहां उन्हें बंद किया जाना चाहिए, ताकि वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित हो और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

Exit mobile version