छ्त्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुरानी रंजिश के चलते युवक को सल्फी पीने के बहाने जंगल में बुलाकर उस पर कुल्हाड़ी और तीर-धनुष से हमला किया गया

Chhattisgarh Crimesछ्त्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुरानी रंजिश के चलते युवक को सल्फी पीने के बहाने जंगल में बुलाकर उस पर कुल्हाड़ी और तीर-धनुष से हमला किया गया। पुलिस ने रविवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है। घटना बारसूर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार 20 फरवरी की शाम करीब 6 बजे शिकायतकर्ता मोटू अकाली को गांव के घसियाराम मंडावी, रतुराम मंडावी, बेसेराम अलामी और टोटाराम अलामी ने सल्फी पीने के बहाने गुफा जंगल स्थित सल्फी पेड़ के पास बुलाया। वहां पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान बेसेराम अलामी ने अपने पास रखे टंगिया से मोटू अकाली के सिर पर वार कर दिया।

मौका देखकर भाग गया था युवक

हमले में वह जमीन पर गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा। घायल मोटू किसी तरह मौके से भागने लगा। आरोप है कि पीछे से उस पर तीर चलाया गया, जो उसके बाएं कान में लगा और उसे गंभीर चोट आई। मामले में थाना बारसूर में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। 1 मार्च को पुलिस टीम घटना स्थल का निरीक्षण कर लौट रही थी, तभी जंगल क्षेत्र में तीन संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास करते दिखे। घेराबंदी कर पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम घसियाराम मंडावी (18), टोटाराम अलामी (25) और रतुराम मंडावी (29) निवासी मंगनार पदनारपारा बताया। तीनों नामजद आरोपी पाए गए।

पुलिस ने मौके पर ही उनका कथन लिया, जिसमें उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर जंगल क्षेत्र पदनार नाला के पास छिपाकर रखे गए टंगिया और तीर-धनुष बरामद किए गए। गवाहों की मौजूदगी में जप्ती की कार्रवाई की गई।

1 मार्च की रात हुई गिरफ्तारी

तीनों आरोपियों को 1 मार्च को रात 9:24 बजे, 9:30 बजे और 9:50 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version