
रायपुर पुलिस कमिश्नर का नया दफ्तर सिविल लाइंस स्थित C-3 बंगले में शिफ्ट कर दिया गया है। गौरतलब है कि यह वही बंगला है, जहां अब तक प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा निवास करते थे। शासन स्तर पर निर्णय के बाद अब इस बंगले को पूरी तरह से पुलिस कमिश्नर कार्यालय के रूप में तब्दील कर दिया गया है।
आज से नए ऑफिस में कामकाज शुरू
कमिश्नरेट प्रणाली के अस्तित्व में आने के बाद शुरुआती कुछ दिनों तक इसका संचालन पुराने राजस्व कमिश्नर कार्यालय से किया जा रहा था। लेकिन अब सेटअप तैयार होने के बाद कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला आज से विधिवत रूप से C-3 बंगले में स्थित नए कार्यालय में बैठना शुरू करेंगे। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले भी इसी परिसर से अपना कामकाज संचालित करेंगे।
क्यों बदला गया ठिकाना
पुराने राजस्व कमिश्नर ऑफिस में जगह की कमी और सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए एक स्वतंत्र और सर्वसुविधायुक्त परिसर की तलाश थी। C-3 बंगला सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में है और यहां से कानून-व्यवस्था की मॉनिटरिंग करना आसान होगा।