छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चोरों ने रेलवे साइडिंग में खड़ी हाईवा से डीजल चोरी कर लिया और ड्राइवर के साथ मारपीट कर नकदी लूट ली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चोरों ने रेलवे साइडिंग में खड़ी हाईवा से डीजल चोरी कर लिया और ड्राइवर के साथ मारपीट कर नकदी लूट ली। पीड़ित ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात ड्राइवर मुकेश यादव भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हाईवा खड़ा कर सो रहा था। उसके साथ ही वहां 5 अन्य हाईवा वाहन भी साइडिंग में लाइन से खड़े थे, जिनके ड्राइवर होली मनाने के लिए अपने-अपने घर चले गए थे।

रात में मुकेश अकेला था, तभी उसे हाईवा में कुछ आवाजें सुनाई दीं। मुकेश जागकर गाड़ी से नीचे उतरा और देखा कि तीन अज्ञात युवक उसके हाईवा से डीजल चोरी कर रहे थे। उन्हें देखकर मुकेश चिल्लाया तो वे डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे।

मारपीट कर कैश लूट लिया

कुछ दूर भागने के बाद दो युवक वापस मुकेश के पास आए और उससे मोबाइल और रुपए की मांग करने लगे। जब उसने इंकार किया, तो एक युवक ने अपने पास रखे डंडे से उसकी पिटाई कर दी और उसकी जेब में रखे 500 रुपए लूट लिए।

इसके बाद आरोपी अन्य वाहनों से भी डीजल निकालने लगे। घटना से डरकर मुकेश वहां से भाग गया और थाने पहुंचकर मामले की सूचना दी।

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जानकारी मिलने पर पुलिस ने ग्राम चितवाही के रहने वाले कैलाश दास महंत, गोविंद सिदार और सुनील यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्कॉर्पियो वाहन, 80 लीटर और 30 लीटर डीजल और लूटे गए 500 रुपएजब्त किए हैं। फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version