छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के परसकोल गांव में हुए हत्याकांड के मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान एक ग्रामीण की तबीयत अचानक बिगड़ गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के परसकोल गांव में हुए हत्याकांड के मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान एक ग्रामीण की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद ग्रामीण और परिजन नाराज हो गए। उन्होंने आंदोलन करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने और पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की।

इस मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की शाम नेशनल हाईवे 49 पर लोग हत्याकांड के विरोध में चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों और समाज के लोगों ने 1 करोड़ रुपए मुआवजे, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, और दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की थी।

प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच इस मामले पर घंटों चर्चा हुई, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। खरसिया विधायक उमेश पटेल भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।

मांग पूरी ​होने पर आंदोलन समाप्त

देर रात विधायक की मौजूदगी में प्रशासन और पीड़ित परिवार के बीच समझौता हो गया। इसमें तय हुआ कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मजिस्ट्रियल जांच की जाएगी, मृतक की पत्नी को कलेक्टर के जरिए नजदीकी सरकारी स्कूल में नौकरी दी जाएगी।

साथ ही, जांच पूरी होने तक दोषी पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया जाएगा और मुआवजे की राशि दी जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

2 पुलिसकर्मी लाइन अटैच

मामले में 2 पुलिसकर्मियों, आरक्षक बिसोप सिंह और योगेश साहू को जांच पूरी होने तक लाइन अटैच कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

मजिस्ट्रियल जांच में समाज के लोग भी रहेंगे

मजिस्ट्रियल जांच में समाज के लोग भी शामिल होंगे। चौहान समाज के संगठन मंत्री शिवाधर हैंवार ने बताया कि इस मामले में 2 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।

साथ ही मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। जांच दल में समाज के 5 सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा।

इसके अलावा मृतक की पत्नी को कलेक्टर के जरिए नजदीकी स्कूल में चपरासी की नौकरी दी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एएसपी बोले- 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड किए गए

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि 2 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है। बाकी की जानकारी के लिए वे SDOP से बात करेंगे।

जब SDOP प्रभात पटेल से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच अभी चल रही है और यह देखा जा रहा है कि इसमें और कौन-कौन शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version