मूकबधिर दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 9 मार्च को प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जाएगा

Chhattisgarh Crimesमूकबधिर दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 9 मार्च को प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जाएगा। यह कैम्प विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर और डॉ. रेड्डीस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। कैम्प सुबह 10 बजे से सुंदर नगर स्थित ग्रो रायपुर केंद्र पीडब्ल्यूडी मकान नंबर 843 कुशालपुर फ्लायओवर के पास लगाया जाएगा।

विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर की उपसंचालक डॉ. शशी अतुलकर ने बताया कि इस प्लेसमेंट कैम्प में कई निजी कंपनियों की ओर से साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती की जाएगी। इसमें प्रमुख रूप से फ्लिपकार्ट, बिग बास्केट और टपरी द कैफे सहित अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक मूकबधिर दिव्यांगजन इस कैम्प में भाग ले सकते हैं। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है।

कैम्प में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 10वीं, 12वीं या स्नातक की अंकसूची, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की मूल और फोटोकॉपी के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। उपसंचालक डॉ. शशी अतुलकर ने पात्र अभ्यर्थियों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Exit mobile version