
रायपुर के जय स्तंभ चौक पर तिरंगा लेकर फैंस सड़क पर निकल पड़े। जमकर आतिशबाजी की गई। ढोल-नगाड़ों की थाप और देशभक्ति गीतों पर थिरकते रहे। बिलासपुर, कोरबा, दंतेवाड़ा से भी क्रिकेट फैंस की ऐसी तस्वीरें सामने आईं। फैंस ने बड़े स्क्रीन पर मैच एंजॉय किया। जीत की खुशी में लोग रंग-गुलाल उड़ाए।
धमतरी में महापौर रामू रोहरा भी लोगों के साथ थिरकते नजर आए। अंबिकापुर, बस्तर में भी जमकर आतिशबाजी हुई। कोरबा में महिलाएं देशभक्ति गीतों पर थिरकती नजर आईं।
रायपुर में जश्न, ट्रैफिक जाम
टीम इंडिया की जीत के बाद रायपुर के जयस्तंभ चौक में बड़ी संख्या में क्रिकेट फैंस जुट गए थे। भीड़ बढ़ने पर पुलिस बल भी तैनात किया गया था। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित तरीके से घर भेजने की व्यवस्था की। जश्न के दौरान जयस्तंभ से शारदा चौक तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी।
भिलाई के सिविक सेंटर में जश्न
भिलाई के सिविक सेंटर में भी क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। लोग ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते नजर आए। लोरमी के मुंगेली चौक में क्रिकेट फैंस ने आतिशबाजी कर और नारे लगाकर जीत का जश्न मनाया।