
दरअसल, राज्य शासन ने बिलासपुर समेत प्रदेश भर में हुक्का बार को प्रतिबंधित किया है। जिसके बाद से पुलिस अफसरों को होटल, बार और क्लब में हुक्का बार बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन, प्रतिबंध के बावजूद शहर के कुछ होटल और क्लब में अवैध तरीके से हुक्का बार संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही है।
एसएसपी के निर्देश पर छापेमारी एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों के साथ ही पुलिस अफसरों को अपने-अपने क्षेत्र में होटल और बार में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार के संचालन पर से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी चकरभाठा क्षेत्र के रायपुर रोड स्थित होटल शिवा इन में पिछले लंबे समय से हुक्का बार चलाने की शिकायत मिल रही थी, जिस पर रविवार की रात एसएसपी रजनेश सिंह ने एसीसीयू की टीम को छापेमारी करने के निर्देश दिए। टीम जब होटल में पहुंची, तब छत में हुक्का बार संचालित किया जा रहा था। जहां युवक-युवती हुक्का पी रहे थे।
हुक्का पॉट, कोल और फ्लेवर समेत 55 हजार का मॉल जब्त इस रेड के दौरान होटल की छत पर हुक्का का टेबल सजा हुआ था। जांच के दौरान टीम ने 12 हुक्का पॉट, 6 पैकेट कोको जेल कोयला, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, 1 कोल हीटर, 3 प्लास्टिक डिब्बों में अलग-अलग तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5 हजार रुपए नगद समेत 55 हजार रुपए के माल जब्त किए। पूछताछ के बाद पुलिस ने हुक्का बार चलाने वाले मैनेजर सिद्धार्थ गुप्ता (39) को गिरफ्तार किया है।
चकरभाठा पुलिस की भूमिका पर सवाल आरोप है कि होटल शिवा इन में हुक्का बार का संचालन पिछले लंबे समय से चल रहा था। लेकिन, चकरभाठा पुलिस इस पर कार्रवाई नहीं कर रही थी। यही वजह है कि मामले की जानकारी एसएसपी रजनेश सिंह को हुई, तब उन्होंने एसीसीयू की टीम भेजकर छापेमारी करने के निर्देश दिए। ऐसे में पूरे मामले में चकरभाठा पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहा है। बताया जा रहा है कि होटल शिवा इन में शहर के रसूखदार युवक-युवतियों का रात में जमावड़ा रहता है, जिसके चलते थाने की पुलिस यहां कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी।