
कसडोल निवासी पीड़िता तिहारिन बाई साहू ने पुलिस को बताया कि जब वह ग्राम छेछर में स्थित अपनी जमीन के बंटवारे के लिए तहसील न्यायालय गईं, तो उप पंजीयक कार्यालय बलौदाबाजार के दस्तावेजों की जांच में धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान भी फर्जी
दस्तावेजों में उनकी और उनकी बहन त्रिवेणी बाई की फोटो की जगह किसी अन्य महिला की फोटो लगाकर फर्जी रजिस्ट्री की गई थी। इसके साथ ही हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान भी फर्जी पाया गया।
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाने में धारा 420 और 34 के तहत जुर्म दर्ज किया । पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम छेछर, थाना कसडोल निवासी गंगा साहू (45) और श्रवण कुमार वर्मा (51) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने षडयंत्र रचकर फर्जी रजिस्ट्री करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों को भेजा गया जेल,एक की तलाश जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सकता है।