छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नाबालिग लड़का गांजा की तस्करी करते पकड़ा गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नाबालिग लड़का गांजा की तस्करी करते पकड़ा गया। वह स्कूटी से ओडिशा से गांजा लाकर बेचने जा रहा था। पुलिस को पहले ही इसकी सूचना मिल गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब ढाई लाख रुपए का गांजा बरामद हुआ। यह मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अवैध शराब और नशे के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” अभियान चला रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक स्कूटी से ग्राम जमुना की ओर से गांजा लेकर पाकरगांव की तरफ आ रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और पाकरगांव के अटल चौक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। तभी सामने से आ रही एक संदिग्ध स्कूटी को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक भागने लगा।

पुलिस ने तुरंत उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी उम्र 17 साल बताई। इसके बाद स्कूटी की जांच करने पर सामने रखे सामान में गांजा मिला।

ओडिशा के लेफरीपारा से खरीदकर लाया

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह ओडिशा के लेफरीपारा से गांजा खरीदकर बेचने के लिए ला रहा था। उसके पास करीब 5 किलो 100 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है।

इसके बाद पुलिस ने गांजा और स्कूटी दोनों जब्त कर लिए। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और उसे किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया है।

Exit mobile version