बिलासपुर जिले के रतनपुर इलाके में एक तेज रफतार पिकअप ने ट्रेनी IAS और कोटा एसडीएम की कार को टक्कर मार दी

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर जिले के रतनपुर इलाके में एक तेज रफतार पिकअप ने ट्रेनी IAS और कोटा एसडीएम की कार को टक्कर मार दी। जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, हादसे में एसडीएम और गनमैन बाल-बाल बच गए। अफसर नवरात्र पर महामाया देवी में व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लौट रहे थे।

इस घटना के बाद आरोपी ड्राइवर पिकअप लेकर भाग रहा था, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। मामले में पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, ट्रेनी IAS और कोटा एसडीएम अरविंथ कुमारन टी नवरात्र पर्व पर रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया देवी मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, देवी दर्शन भी किए। निरीक्षण करने के बाद वे वापस कोटा लौट रहे थे।

अभी उनकी कार रतनपुर स्थित बस स्टैंड के पास पहुंची थी। उसी समय सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप के ड्राइवर ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए एसडीएम की कार को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रेनी IAS और गनमैन बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर वहां रुकने के बजाए भागने की फिराक में था। तभी उनके सुरक्षा जवानों ने दौड़ाकर ड्राइवर को पकड़ लिया।

नशे में था आरोपी ड्राइवर, MV एक्ट के तहत हुई कार्रवाई

इस दौरान गनमैन ने ड्राइवर को पकड़कर गाड़ी से नीचे उतारा, तब पता चला कि वह नशे में लड़खड़ा रहा था। जवानों ने तुरंत घटना की जानकारी रतनपुर पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम आरोपी और वाहन को थाने ले गई। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ MV एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप को जब्त कर लिया है।

Exit mobile version