कोरिया जिले के ग्राम खाड़ा में बुधवार को दो बछड़ों का सिर कटा शव खेत में पड़ा मिला

Chhattisgarh Crimesकोरिया जिले के ग्राम खाड़ा में बुधवार को दो बछड़ों का सिर कटा शव खेत में पड़ा मिला। इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों ने थाने पहुंचकर शिकायत की और तुरंत कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच के बाद बछड़ों के मालिक और उसके परिवार के तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। मामला पटना थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, पटना थाना क्षेत्र के खाड़ा गांव के हरिजनपारा के पास खेतों में दो बछड़े मृत हालत में मिले, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। बछड़ों की गला काटकर हत्या की गई थी और एक बछड़े का पैर भी आधा कटा हुआ मिला।

स्थानीय लोगों की सूचना पर हिंदू संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे। अन्नू दुबे, रिचेश सिंह, सुरेंद्र सिंह और अन्य लोगों ने पटना थाने जाकर लिखित शिकायत दी और तुरंत कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पटना पुलिस भी मौके पर पहुंची।

पालने के लिए लाकर कर दी बछड़ों की हत्या

पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय की टीम ने बछड़ों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि दोनों बछड़े खाड़ा गांव के ईश्वर सोनवानी के हैं। उन्होंने ये बछड़े लगभग 15-20 दिन पहले गौशाला से पालने के लिए लाए थे। दोनों की उम्र करीब डेढ़ साल थी।

पुलिस ने ईश्वर सोनवानी के घर पहुंचकर पूछताछ की तो ईश्वर सोनवानी पर ही बछड़ों के मारने का भी शक हुआ। पुलिस ने घर में जांच की तो दोनों बछड़ों का कटा सिर और पैर घर से बरामद हुआ।

पुलिस ने पाया कि बछड़े मारने में ईश्वर सोनवानी के साथ उसकी पत्नी चंदा सोनवानी और नाबालिग बेटा भी शामिल थे। पटना पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है। ईश्वर सोनवानी एक पैर से विकलांग है।

पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि बछड़ों की हत्या में परिवार के तीनों सदस्य शामिल थे। तीनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version