
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा है। मामले में मर्ग कायम करके जांच शुरु कर दी है। महिला का नाम पुलिस द्वारा पारधी पारा निवासी राधा मंडावी बताया जा रहा है।उरला पुलिस से मिली जानकारी के अुनसार मंगलवार सुबह इलाके में स्थित शासकीय स्कूल परिसर में महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर जाकर जांच की, तो महिला का खून से लथपथ शव मिला। पुलिस को घटनास्थल के पास ही संघर्ष के निशान और खून से सने पत्थर मिले हैं।
पुलिस के अनुसार मृतका राधा मण्डावी अपने पति अमित सिसोदिया के साथ पारधी पारा क्षेत्र में रहती थी। पुलिस अब मृतका की पारिवारिक पृष्ठभूमि और आपसी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है। अमित सिसोदिया और अन्य परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि राधा रविवार रात घर से कब और किसके साथ निकली थी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या महिला को जबरन स्कूल परिसर में लाया गया या झांसा देकर बुलाया गया था।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
उरला पुलिस ने स्कूल और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्धों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और डर का माहौल है, क्योंकि स्कूल जैसे सार्वजनिक और सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया।
अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा
उरला पुलिस के अनुसार परिजनों की शिकायत पर मामले में जांच की जा रही है। महिला का किससे विवाद था? वो घर से कब और कहां जाने के लिए निकली थी? इसका पता लगाया जा रहा है। मामले में जांच जारी है, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।