
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान शांति नगर निवासी आकाश अग्रवाल के रूप में हुई है। सुबह करीब 6 बजे के आसपास लोग मंदिर के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। पहले आसपास के लोगों को बुलाया और फिर पुलिस को खबर दी।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया है।
जमीन से सटा हुआ था शव
पुलिस के अनुसार, जब शव देखा गया तो मृतक के पैर जमीन से सटे हुए थे। आमतौर पर फांसी के मामलों में शरीर हवा में लटका रहता है, लेकिन यहां पैर जमीन को छू रहे थे। इसी वजह से पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या किसी और कारण से मौत हुई है।
मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है कि क्या आकाश अग्रवाल किसी परेशानी या तनाव में थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।