जशपुर जिले में जादू-टोना के शक में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई

Chhattisgarh Crimesजशपुर जिले में जादू-टोना के शक में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। फूलमइत बाई (71) को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है

मृतिका फूलमइत बाई (71) ग्राम गीतारी पानी स्थित अपने प्रधानमंत्री आवास में अकेली रहती थीं। उनके पति और बच्चों का पहले ही निधन हो चुका था। फूलमइत बाई लकवाग्रस्त होने के कारण चलने-फिरने में भी असमर्थ थीं। गांव में रहने वाले परिजन उनकी देखभाल और भोजन की व्यवस्था करते थे।

खाना ले कर गए तो मिली लाश यह घटना 4 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे सामने आई, जब एक परिजन महिला के घर खाना लेकर पहुंचा। उसने फूलमइत बाई की मौत हो चुकी थी। शव से कंबल हटाने पर सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान दिखे। मौके पर एक डंडा भी मिला, जिससे हत्या की आशंका और पुख्ता हो गई।

शुरूआती पूछताछ में सामने आया कि गांव का ही निवासी छदनू राम (30) मृतिका फूलमइत बाई पर जादू-टोना करने का शक करता था। इसी शक के आधार पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी छदनू राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

डंडे से ताबड़तोड़ वार कर किया था

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसके परिवार के सदस्य अक्सर बीमार रहते थे, जिससे उसे फूलमइत बाई पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसी शक के चलते 3 अप्रैल की रात करीब 9 बजे वह महिला के घर पहुंचा और पास में पड़े लकड़ी के डंडे से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस की तुरंत कार्रवाई

बगीचा थाना पुलिस ने तत्काल बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में यूज़ डंडा भी जब्त कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

लोगों को जागरूक होने की जरुरत:ASP

ASP राकेश कुमार पाटनवार ने कहा कि, “मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में अंधविश्वास के कारण हत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने सबूतों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की है। ऐसे मामलों में लोगों को जागरूक होने की जरूरत है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की दोहराया ना जाय।”

Exit mobile version