कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बुजुर्ग कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesकोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बुजुर्ग कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि 30 मार्च को एक सरपंच ने कर्मचारी से मारपीट की थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजन और अस्पताल कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। वे आरोपी सरपंच की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और पोस्टमार्टम कक्ष पर ताला लगा दिया है।

यह घटना 30 मार्च को सामने आई थी। एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी, जिसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मर्चुरी लाया गया था। वहां पहुंचे सरपंच ने कर्मचारियों से जल्द पोस्टमार्टम करने की जिद की। जब एक बुजुर्ग कर्मचारी ने व्यस्तता का हवाला देते हुए इंतजार करने को कहा, तो सरपंच तैश में आ गया और उसने कर्मचारी की पिटाई कर दी, साथ ही उसका सिर दीवार में पटक दिया।

गंभीर रूप से घायल कर्मचारी आईसीयू वार्ड में जिंदगी और मौत से जूझ रहा था, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की बड़ी बेटी लक्ष्मी ने बताया कि उनके पिता बालकृष्ण चनईया के साथ ड्यूटी के दौरान मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी मौत हुई।

परिजन और अस्पताल के कर्मचारी आरोपी सरपंच, बेन्द्रकोना निवासी जयवीर सिंह ठाकुर की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पोस्टमार्टम करने वाले कर्मचारियों ने विरोध करते हुए पीएम कक्ष और मुख्य गेट पर ताला लगा दिया है और पोस्टमार्टम करने से इनकार कर रहे हैं। इस कारण पीएम कक्ष में रखे अन्य शवों का भी पोस्टमार्टम नहीं हो पा रहा है।

जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया कि इस मामले में घटना के दिन ही पुलिस को सूचित कर दिया गया था और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और इस संबंध में बातचीत जारी है।

घटना की जानकारी मिलने पर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और पुलिस बल भी तैनात किया गया है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version