राजनांदगांव जिले में राजस्व पखवाड़ा के तहत कलेक्टर जितेंद्र यादव ने सोमवार को राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुकुलदैहान में आयोजित शिविर का अचानक निरीक्षण किया

Chhattisgarh Crimesराजनांदगांव जिले में राजस्व पखवाड़ा के तहत कलेक्टर जितेंद्र यादव ने सोमवार को राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुकुलदैहान में आयोजित शिविर का अचानक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से किया गया था।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नक्शा सुधार जैसे राजस्व संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित रूप से निपटाया जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निराकरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए।

ग्रामीण सरकारी योजनाओं का लाभ लें

कलेक्टर ने ग्रामीणों को अपने राजस्व दस्तावेज अद्यतन रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा और राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी तथा ग्रामीण उपस्थित थे।

जिला प्रशासन की जनदर्शन पहल आम जनता के लिए प्रभावी साबित हो रही है। कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम सोमनी के तीन श्रमिकों को उनकी लंबे समय से रुकी हुई मजदूरी का भुगतान कुछ ही दिनों में कर दिया गया।

ग्राम सोमनी निवासी बुधराम पटेल और अन्य श्रमिकों ने साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन देकर अपनी लंबित मजदूरी के भुगतान की गुहार लगाई थी। कलेक्टर ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद पंचायत राजनांदगांव को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

प्रशासनिक सक्रियता के परिणामस्वरूप, कुल 25,056 रुपये की राशि श्रमिकों के बैंक खातों में अंतरित की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को पुनः सचेत किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।

Exit mobile version