महासमुंद पुलिस ने जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesमहासमुंद पुलिस ने जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बागबाहरा थाना पुलिस ने ग्राहक बनकर दो सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उनके पास से आईफोन समेत महंगे मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बागबाहरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड क्षेत्र में सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने एक रणनीति बनाई। टीम के सदस्य ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचे और सट्टा लिखते हुए आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पहली कार्रवाई

वार्ड 4, थानापारा बागबाहरा निवासी नीरज सोनी (36) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सट्टा पट्टी, एक एप्पल कंपनी का मोबाइल (कीमत 20,000 रुपये), एक सैमसंग मोबाइल (कीमत 10,000 रुपये) और 2,000 रुपये नकद जब्त किए गए। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 32,010 रुपये है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 75/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई

वार्ड 3, थानापारा बागबाहरा निवासी जयेश साहू (45) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से सट्टा पट्टी, एक वीवो मोबाइल (कीमत 10,000 रुपये) और 1,800 रुपये नकद बरामद हुए। कुल 11,800 रुपये की संपत्ति जब्त कर अपराध क्रमांक 76/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

दोनों आरोपियों को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने दोहराया है कि जिले में अवैध सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।

Exit mobile version