छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने ट्रक से करीब 3 क्विंटल 12 किलो गांजा जब्त किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने ट्रक से करीब 3 क्विंटल 12 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 500 रुपए है। तस्कर गांजा को बोरियों में छिपाकर महाराष्ट्र खपाने ले जा रहे थे। गांजे को 2 आरोपी ओडिशा के सोनपुर जिले से छत्तीसगढ़ के रास्ते मुंबई ले जा रहे थे।

वहीं पुलिस ने गांजा तस्करी मामले में ओडिशा के बरहमपुर से तीन और तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का मामला है।

पांच दिन पहले (4 अप्रैल) को महासमुंद पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जा रहे 7 गांजा तस्करों को पकड़ा था। उनके कब्जे से डेढ़ करोड़ का गांजा मिला है, जिसका वजन करीब 3 क्विंटल है। पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की थी।

दरअसल, सिंघोड़ा पुलिस को गुरुवार को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा लोड कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। ट्रक में 2 लोग सवार हैं। सोर्स ने ट्रक नंबर (KA 13 D 7710) भी बताया। सूचना मिलते ही सिंघोड़ा पुलिस एक्टिव हो गई।

सिंघोड़ा पुलिस अपनी टीम के साथ ओडिशा-छत्तीसगढ़ की सीमा पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास पहुंची। पुलिस ने रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर गाड़ियों की जांच शुरू की। इसी दौरान चेक पोस्ट की ओर रहे ट्रक को पुलिस ने रोका। ट्रक का नंबर KA 13 D 7710 था, जिसमें 2 लोग सवार थे।

जब पुलिस ने ट्रक को रोककर ड्राइवर से नाम और पता के बारे पूछा, तो उसने अपना नाम इम्तियाज खान (48) बताया। उसने बताया कि वह कर्नाटक के हुनसौर इलाके का रहने वाला है। जबकि बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम रवि प्रकाश राउतकर (45) और मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के कडोई इलाके का बताया।

पुलिस ने ट्रक के पीछे रखी बोरियों के बारे में पूछताछ की, तो दोनों ने गोलमोल जवाब दिया।

तलाशी में पिकअप से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद

इस दौरान पुलिस को शक होने पर ट्रक की तलाशी ली, तभी ट्रक में लोड बोरियों में छुपाया गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस को तलाशी में 9 बोरियों में 3 क्विंटल 12 किलो गांजा मिला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने ट्रक में सवार 2 आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे को ओडिशा के सोनपुर जिले से महाराष्ट्र के मुंबई ले जा रहे थे।

अवैध गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद सप्लायर तक पहुंची।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ओडिशा के बरहमपुर से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गांजा सप्लायर जियाउल हक और ट्रांसपोर्टर सुखविंदर उर्फ बुलबुल और नदीम अंसारी शामिल हैं।

इन आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी(2)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें थाना सिंघोड़ा में अपराध में नामजद कर जांच शुरू की गई और बाद में न्यायालय में पेश कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की टीम ने मिलकर की है।

इस कार्रवाई से एक बड़े अंतरअंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा की सप्लाई में एक्टिव था। जब्त की गई संपत्तियों में 312.590 किलोग्राम गांजा, एक ट्रक (कीमत 15 लाख रुपये), एक टोयोटा अर्बन क्रूजर कार और 2 मोबाइल फोन शामिल हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1.71 करोड़ रुपए आंकी गई है।

महासमुंद में लग्जरी गाड़ी से 1.5 करोड़ का गांजा मिला

5 दिन पहले ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र जा रहे 7 गांजा तस्करों को महासमुंद पुलिस ने पकड़ा था। उनके कब्जे से डेढ़ करोड़ का गांजा मिला, जिसका वजन करीब 3 क्विंटल है। पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई शनिवार (4 अप्रैल) को की।

हाईवे में चेकिंग के दौरान पहले मामले में तस्कर लग्जरी गाड़ी में गांजा रखे हुए थे। ओडिशा के फूलबानी जिले से लाए थे और महाराष्ट्र के पुणे ले जा रहे थे। दूसरे मामले में ओडिशा में तस्करी होनी थी। उससे पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version