छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 30 यात्रियों को लेकर जा रही पायल बस 40 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर पलटते हुए चट्टान और इलेक्ट्रिक बोर्ड के बीच फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 30 यात्रियों को लेकर जा रही पायल बस 40 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर पलटते हुए चट्टान और इलेक्ट्रिक बोर्ड के बीच फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों को राहगीरों ने सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दरअसल, घटना गुरुवार दोपहर 3.30 बजे की है। बालोद से 30 सवारी लेकर दल्लीराजहरा जा रही बस कुसुमकसा से पहले जमही मोड़ के पास 40 फीट गहरे रेलवे ट्रैक पर गिर गई। गनीमत रही कि चट्टान और बिजली बोर्ड में फंसने से बड़ा हादसा टल गया।

चीख-पुकार सुनकर बालोद से दल्लीराजहरा नेशनल हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों ने यात्रियों का हाथ पकड़कर बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

बालोद से सवार होकर दल्लीराजहरा लौट रही छात्राएं हिमेंद्र निषाद, कमलेश्वरी ठाकुर और प्रियंका केंवट ने बताया कि वे दोपहर 3 बजे जिला अस्पताल के पास से बस में बैठी थीं। तभी से वाहन का गियर फंस रहा था। बस के चलने से ही उन्हें थोड़ी असहजता महसूस हो रही थी, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। जैसे ही रेलवे पुल आया। तेज आवाज के साथ बस सीधे नीचे गिरने लगी।

उन्होंने बताया कि बचाव के लिए वे लगातार चिल्लाते रहे। वे बीच की सीट पर थे और अपनी-अपनी सीट में फंसे रहे, जबकि कई लोग आगे की ओर गिर गए थे। कुछ देर बाद सीट पकड़कर नीचे उतरे। तब दरवाजे के पास मौजूद लोगों ने उनका हाथ पकड़कर बाहर निकाला।

इसके बाद वे सीधे रेलवे ट्रैक की ओर उतरे। घबराहट इतनी थी कि वे नीचे से ऊपर नहीं चढ़ पा रहे थे। बाद में राहगीरों ने उन्हें पानी पिलाकर संभाला।

ड्राइवर रास्ते में भागता दिखा, बाइक सवार ने रुकवाया

प्रत्यक्षदर्शी झलमला निवासी रवि बहादुर ने बताया कि वे कार से बालोद लौट रहे थे। पुल से पहले एक युवक रास्ते में भागते हुए दिखा। आगे बढ़ने पर पुल के पास एक बाइक सवार ने हाथ देकर उन्हें रुकवाया। ओवरब्रिज के नीचे देखने पर चीख-पुकार मची हुई थी। इसके बाद उन्होंने बालोद पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।

उन्होंने बताया कि घटना कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन यात्री काफी दहशत में थे।

बस को बाहर निकालकर जब्त करेंगे – टीआई

दल्लीराजहरा टीआई संतोष भुआर्य ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें सामान्य चोटें आई हैं, लेकिन बड़ा हादसा टल गया। वाहन के कागजात की जांच की जा रही है। बस को बाहर निकालकर जब्त किया जाएगा।

फिलहाल ड्राइवर मौके से फरार है। उसकी गिरफ्तारी और यात्रियों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन चालक किसी अन्य वाहन को बचाते हुए नीचे गिरा या तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसा हुआ।

Exit mobile version