
मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता का नाम प्रतीमा मसीह (42) है, जो मोवा स्थित गेलेन्डर विहार में रहती है। फिलहाल पुलिस पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल प्रतीमा मसीह ने शिकायत दर्ज कराई है कि 31 मार्च को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से कॉल आया। कॉल करने वालों ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका खाता बंद हो गया है और उसे चालू कराने के लिए व्हाट्सऐप पर भेजे गए लिंक को खोलना होगा।
ठगों के झांसे में आकर महिला ने जैसे ही लिंक ओपन किया, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के यूको बैंक और इंडियन बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकालनी शुरू कर दी।
यूको बैंक खाते से करीब 4.58 लाख रुपए और इंडियन बैंक खाते से 1.19 लाख रुपए निकाल लिए गए। इस तरह आरोपियों ने कुल 5,78,821 रुपए की ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस ने नंबरों की जांच शुरू की
वहीं, अब पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें।
खासकर बैंकिंग से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की जानकारी साझा करने से बचें। व्हाट्सऐप या मैसेज के जरिए भेजे गए लिंक को बिना जांचे-परखे क्लिक करना खतरनाक हो सकता है।