भिलाई में 29 साल के युवक ने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

Chhattisgarh Crimesभिलाई में 29 साल के युवक ने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह भिलाई स्टील प्लांट की कोक ओवन कैंटीन में कुक का काम करता था। रविवार सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले तो पेड़ से लटकी उसकी लाश देखी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने युवक के परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिवाया। युवक की पहचान अजय प्रजापति के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ महीनों से कैंटीन में काम कर रहा था।

अजय अपनी पत्नी और 6 महीने के बच्चे के साथ सेक्टर-4 में रहता था। वह शराब पीने का आदी थी। इसी बात को लेकर दंपती में विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से निकला था। मामला भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र का है।

बच्चा होने के बाद शुरू किया था काम करना

जानकारी के अनुसार अजय को शराब पीने की आदत थी। इसी कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। पहले वह कोई स्थायी काम नहीं करता था, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद उसने काम शुरू किया। इसके बावजूद शराब की लत नहीं छूट सकी।

पत्नी उसे बार-बार समझाती रही, लेकिन उसने बात नहीं मानी। इसी वजह से दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी।

पत्नी से अनबन की बात आ रही सामने

शनिवार रात करीब 8 बजे अजय शराब के नशे में घर पहुंचा। इसी दौरान उसका पत्नी से विवाद हुआ, जिसके बाद वह घर से बाहर निकल गया। इसके बाद वह कहां गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।

रविवार सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले, तब उन्होंने पेड़ से लटकी एक लाश देखी। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी।

मृतक के पिता और भाई रायपुर से भिलाई पहुंचे। इसके बाद शव को फंदे से उतारा गया और सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया।

आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही पुलिस

पुलिस के अनुसार फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और शराब की लत को संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भिलाई में रेलवे ट्रैक पर युवक की लाश

भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र में आज सुबह करीब 3 बजे रेलवे पटरी पर एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में रेलवे की मध्य लाइन पर पड़ा मिला।

घटना अंडरब्रिज से कुछ दूरी पर हुई बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती कार्रवाई करते हुए सुबह करीब 3:30 बजे शव को उठाकर मर्च्यूरी भिजवाया गया। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

शिनाख्त नहीं, आसपास के लोगों से पूछताछ

फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 25 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

युवक ने हरे रंग की चेक शर्ट पहन रखी थी, जिससे पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।

ट्रेन की चपेट में आने की आशंका, जांच जारी

शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक ट्रेन की चपेट में आया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हादसा है या आत्महत्या। पुलिस ने मर्ग कायम कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version