कोरबा में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी राशि में बड़े गबन का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesकोरबा में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी राशि में बड़े गबन का मामला सामने आया है। तुलसी नगर सब स्टेशन कार्यालय में कार्यरत संविदा कर्मी हरीश कुमार पर 20 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है।

आरोप है कि हरीश कुमार ने कार्यपालन अभियंता (ईई-डी) से ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करवाए। इसके बाद उसने चेक में अपना खाता नंबर भरकर राशि अपने खाते में जमा करा ली। इस तरह सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली ग्रेच्युटी की रकम सीधे आरोपी के खाते में चली जाती थी।

प्रारंभिक जांच में अब तक छह सेवानिवृत्त कर्मचारियों से कुल 20 लाख 58 हजार 788 रुपए के गबन की पुष्टि हुई है। यह मामला तब सामने आया जब एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के खाते में ग्रेच्युटी की राशि जमा नहीं हुई और उसने कार्यालय में शिकायत की।

जांच में पता चला कि संबंधित राशि संविदा कर्मी के खाते में ट्रांसफर हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे कोतवाली थाना भेजा गया। पुलिस ने आरोपी हरीश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विभागीय कार्रवाई की तैयारी

विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है, जिसमें निलंबन के साथ बर्खास्तगी की तैयारी की जा रही है। इधर, संविदा कर्मी हरीश कुमार ने अपने बचाव में दावा किया है कि उसने यह कार्य कार्यपालन अभियंता (ईई-डी) के निर्देश पर किया था।

आरोपी का बचाव पक्ष

उसने इस संबंध में कंपनी के मुख्यालय रायपुर को पत्र भेजकर अपनी बात रखी है। विभागीय अधिकारी पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं, ताकि गड़बड़ी में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

बैंक लेनदेन और दस्तावेजों की जांच

पुलिस भी बैंक लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि तुलसी नगर स्थित विद्युत विभाग से 20 लाख रुपये के गबन की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version