छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कार से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद कर दो इंटर-स्टेट तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 54 लाख रुपए है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कार सहित कुल जब्ती 56 लाख रुपए की बताई जा रही है।

मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे। रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से इसकी सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर संदिग्ध कार का पीछा किया जा रहा था।

पुलिस ने पुरानी बस्ती के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। दोपहर करीब 2 बजे संदिग्ध टोयोटा इलियट कार (DL-3CB-5298) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके दौरान कार अनियंत्रित होकर नाले के गड्ढे में फंस गई।

पिछली सीट के नीचे मिला गांजा

कार के गड्ढे में फंसने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 7 प्लास्टिक बोरियों से 108 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 112 किलो 770 ग्राम पाया गया। आरोपियों के पास गांजे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर लिया।

छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव कुमार नट (30), निवासी इटावा (उत्तरप्रदेश) और विजय पंडित (28), मूल निवासी वैशाली (बिहार) और वर्तमान पता लोनावाला, पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा के संबलपुर से खरीदा गया था और इसे छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था।

नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी

दोनों आरोपियों के खिलाफ पत्थलगांव थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(2)(C) के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

SSP बोले- अवैध नशा कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी करने वाले आरोपियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस मामले में भी त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया गया है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version