छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) बेचते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कार और नकदी सहित कुल 2.29 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि धमतरी बस स्टैंड के पीछे एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (CG-13-C-4422) में दो युवक अवैध मादक पदार्थ हेरोइन की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही धमतरी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी।
तलाशी के दौरान संदिग्धों के कब्जे से 10.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 47,000 रुपए है। इसके अलावा पुलिस ने 12,000 रुपए नकद, स्विफ्ट कार, एक आईफोन और एक वीवो Y31 स्मार्टफोन भी जब्त किया। जब्त किए गए कुल सामान की कीमत 2 लाख 29 हजार रुपए आंकी गई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कमर रजा (28 वर्ष), निवासी सदर बाजार धमतरी, और मोहम्मद शोएब अख्तर (26 वर्ष), निवासी केला बड़ी दुर्ग, थाना पदमनामपुर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।