महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया

Chhattisgarh Crimesमहासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत पुलिस, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों ने संयुक्त रूप से कई स्थानों पर दबिश दी।

इस कार्रवाई में कुल 88 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 19,100 रुपये है। पुलिस ने इस दौरान 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बसना थाना क्षेत्र के ग्राम कलमीदादर और धनापाली में पुलिस ने 54 लीटर महुआ शराब जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 10,800 रुपये बताई गई है। इस मामले में कुमार सिंह सिदार (48 वर्ष) और रामप्रसाद चौहान (27) को गिरफ्तार किया गया।

दूसरी कार्रवाई

पिथौरा थाना क्षेत्र के पिलवापाली गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 20 लीटर महुआ शराब बरामद की। इस कार्रवाई में लक्ष्मण बरिहा (56) और रामसिंग बरिहा (36) को गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की कीमत करीब 4,000 रुपये है।

तीसरी कार्रवाई

तुमगांव थाना क्षेत्र के बिरबिरा जंगल में एक अवैध शराब भट्टी पर दबिश दी गई। यहां से तोसन यादव (50) और मंगल यादव (33) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 10 लीटर कच्ची शराब (कीमत 2,000 रुपये) के साथ शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए।

चौथी कार्रवाई

खल्लारी थाना क्षेत्र के बीकेबाहरा में पुलिस ने राकेश कुमार नागवंशी (45) को गिरफ्तार कर उसके पास से 4 लीटर महुआ शराब बरामद की।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version