
मिली जानकारी के अनुसार, स्टेडियम समिति ने कुल 10 दुकानों को अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किया था। प्रशासन की टीम को मौके पर देख दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के डर से आठ दुकानदारों ने तत्काल अपने बकाया किराए का भुगतान कर दिया, जिससे समिति को कुल 4,54,634 रुपये की राशि प्राप्त हुई।
सख्ती के बावजूद दो दुकानों के आवंटियों ने बकाया राशि का भुगतान नहीं किया। इसके बाद समिति ने उन्हें सील करने की कार्रवाई की। इनमें दुकान क्रमांक C-16 की आवंटी प्रज्ञा शर्मा पर 1,77,180 रुपये और दुकान क्रमांक C-21 की आवंटी विमला शर्मा पर 1,87,320 रुपये बकाया थे।
लगभग 3 सालों से नहीं दिया किराया
समिति के अनुसार, इन दोनों दुकानों पर पिछले 33 महीनों से किराया लंबित था। बार-बार सूचना दिए जाने के बाद भी राशि जमा नहीं की गई थी, जिसके चलते प्रशासन ने यह कदम उठाया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल सांकेतिक नहीं है। यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर लंबित किराए का भुगतान नहीं किया गया, तो संबंधित दुकानों का आवंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाएगा और बकाया राशि की वसूली भू-राजस्व नियमों के तहत सख्ती से की जाएगी।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन की इस मुहिम से अन्य बकायादारों में भी हड़कंप मचा हुआ है। समिति ने सभी दुकानदारों से समय पर अपने देयों का भुगतान करने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी कार्रवाई से बचा जा सके।