बलरामपुर जिले की सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने धरने पर बैठने की चेतावनी दी

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर जिले की सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। उन्होंने कलेक्टर राजेंद्र कटारा से फोन पर कहा कि 24 घंटे के भीतर राजपुर एसडीएम को हटाया जाए, नहीं तो वे कार्यकर्ताओं के साथ दरी बिछाकर धरने पर बैठेंगी।

दरअसल विधायक राजपुर में कॉलेज रोड पर सीसी सड़क निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंची थीं। बुलावे के बावजूद एसडीएम कार्यक्रम में नहीं पहुंचे, जब विधायक तहसील कार्यालय पहुंचीं तो एसडीएम ने उनसे कहा कि वे कार्यक्रम में जाएं या न जाएं, यह उनकी मर्जी है।

मामला बलरामपुर जिले के राजपुर अनुविभाग मुख्यालय का है। नेशनल हाईवे 343 से कॉलेज तक 300 मीटर पहुंच मार्ग के सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए 27 लाख रुपए की स्वीकृति कलेक्टर द्वारा डीएमएफ मद से दी गई है।

गुरुवार को भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें शामिल होने के लिए राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान और तहसीलदार कावेरी मुखर्जी को भी सूचना दी गई थी।

नहीं पहुंचे SDM, विधायक से कहा- मेरी मर्जी

भूमिपूजन कार्यक्रम में एसडीएम देवेंद्र प्रधान नहीं पहुंचे और यह संदेश भिजवाया कि वे फील्ड पर गए हैं। इसी बीच विधायक उद्धेश्वरी पैकरा कार्यक्रम स्थल के पास स्थित तहसील कार्यालय पहुंचीं, जहां किसानों की भीड़ लगी थी। वहां एसडीएम देवेंद्र प्रधान और तहसीलदार कावेरी मुखर्जी मौजूद मिले।

विधायक ने एसडीएम से कहा कि उन्हें भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए था। इस पर एसडीएम ने साफ शब्दों में जवाब दिया कि वे कार्यक्रम में जाएं या नहीं, यह उनकी मर्जी है। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।

कलेक्टर से कहा-24 घंटे में हटाईए

विधायक उद्धेश्वरी पैकरा तहसील कार्यालय से बाहर आईं। कुछ ही देर बाद बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा का फोन उनके मोबाइल पर आया। इस दौरान विधायक ने एसडीएम के साथ हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि अब उनकी मर्जी है—24 घंटे के भीतर एसडीएम को हटाया जाए, नहीं तो वे कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठेंगी।

कलेक्टर ने अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन विधायक ने साफ शब्दों में कह दिया कि यदि 24 घंटे में एसडीएम को नहीं हटाया गया, तो वे और भाजपा कार्यकर्ता धरना देंगे।

तहसीलदार को लगाई फटकार

तहसील कार्यालय में अपनी फरियाद लेकर पहुंचे किसानों ने बताया कि वे सीमांकन और जमीन के कामों के लिए चार माह से अधिक समय से भटक रहे हैं, लेकिन काम नहीं हो रहे हैं। विधायक ने तहसीलदार कावेरी मुखर्जी को इसे लेकर फटकर लगाई।

तहसीलदार ने स्टाफ की कमी बताई तो विधायक ने कहा कि वे काम नहीं करा सकती तो कलेक्टर को लिखकर दे दें कि स्टॉफ नहीं हैं। सभी किसानों का काम समय पर हो जाना चाहिए।

सोशल मीडिया में वायरल हो रहा विधायक का अल्टीमेटम

उद्धेश्वरी पैकरा ने 24 घंटे में एसडीएम को हटाने का अल्टीमेटम दिया, जो सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल हो रहा है। मामले में कलेक्टर राजेंद्र कटारा से संपर्क करने पर उनसे बात नहीं हो सकी।

Exit mobile version