नेशनल हाईवे 130, अंबिकापुर–बिलासपुर मुख्य मार्ग पर रजपुरीकला के पास तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। वह अंबिकापुर की ओर जा रहा था।
मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे लखनपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा पल्सर बाइक सवार रजपुरीकला स्थित पेट्रोल पंप के पास अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर के बाद युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस पहुंची मौके पर, शव की पहचान नहीं
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को लखनपुर मॉर्च्युरी में रखवाया है। युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
चेहरा बुरी तरह कुचलने से पहचान मुश्किल
पुलिस के अनुसार, ट्रक से टकराने के बाद युवक का चेहरा पूरी तरह कुचल गया। चेहरे को गंभीर नुकसान पहुंचने के कारण पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।