छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नाम ट्रांसफर से जुड़ी फाइल खो जाने से नाराज एक युवक शनिवार को दफ्तर पहुंचा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नाम ट्रांसफर से जुड़ी फाइल खो जाने से नाराज एक युवक शनिवार को दफ्तर पहुंचा। युवक ने महिला अधिकारी को बादाम देते हुए कहा कि “इसे खाइए और जब आपको याद आ जाए तो मुझे बता दीजिए।”

युवक का आरोप है कि वह पिछले एक साल से हाउसिंग बोर्ड कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, इसके बावजूद फाइल नहीं मिल रही है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रिसेल में खरीदा फ्लैट

पीड़ित युवक का नाम तरुण साहू बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक तरुण ने करीब एक साल पहले EWS का फ्लैट रिसेल में खरीदकर उसकी रजिस्ट्री करवाई थी। इसके बाद उसने नाम ट्रांसफर के लिए अभिलाषा परिसर, तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए।

7 महीने बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

आम तौर पर यह प्रोसेस 1 से 2 महीने में पूरी हो जाती है, लेकिन 7 महीने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जब युवक ने दोबारा कार्यालय जाकर जानकारी ली तो उप संपदा अधिकारी पूनम बंजारे ने बताया कि नामांतरण हो चुका है, लेकिन फाइल नहीं मिल रही है।

50 से ज्यादा बार लगाए दफ्तर के चक्कर

आरोप है कि पिछले 6 महीनों में युवक ने 50 से अधिक बार कार्यालय के चक्कर लगाए, लेकिन हर बार यही जवाब मिला कि फाइल खो गई है या मिल नहीं रही है। पीड़ित का कहना है कि इससे उसका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता रहा।

अफसर को दिए बादाम

17 अप्रैल फिर जब युवक कार्यालय पहुंचा और वही जवाब मिला, तो उसने अनोखे अंदाज में विरोध किया। वह 500 ग्राम बादाम लेकर पहुंचा और उप संपदा अधिकारी पूनम बंजारे को देते हुए कहा कि इसे खाइए, और जब आपको याद आ जाए तो मुझे बता दीजिए।

हालांकि अभी तक मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Exit mobile version