छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा लिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा लिया। घटना का लाइव CCTV सामने आया है, जिसमें उसने पहले पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल खरीदा फिर बाइक पर रखकर सड़क तक गया। अचानक बीच सड़क रुका और खुद पर तेल डालकर माचिस मार लिया।

आग से लिपटा युवक चीखते-चिल्लाते हुए 20 मीटर तक भागा और जमीन पर लोटने लगा। आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। वह 80% तक झुलस गया है, बर्न और ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है।

मामला बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम पौशरी का है। हालांकि, पुलिस को दिए बयान में युवक ने इसे हादसा बताया है। लेकिन वीडियो भी वो खुद आग लगाते दिख रहा है। इसलिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार (18 अप्रैल) की है। ग्राम पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल (28) ने दोपहर में अपने ही गांव के पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल खरीदा। इसके बाद अपनी बुलेट से कुछ दूरी तक गया और सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।

युवक को आग की लपटों में घिरा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि, युवक करीब 80% तक झुलस गया है।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस

घायल युवक को पहले CMC अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बर्न और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल युवक के आत्मदाह की कोशिश के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, उसकी बुलेट भी जलकर खाक हो गई है।

मामले की जांच कर रही पुलिस

एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। युवक ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसकी वजह साफ नहीं हो सकी है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Exit mobile version