रायपुर में बढ़ते जल संकट के बीच नगर निगम ने निजी कॉलोनियों को दी जा रही पानी सप्लाई की व्यवस्था की जांच शुरू करने का फैसला लिया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में बढ़ते जल संकट के बीच नगर निगम ने निजी कॉलोनियों को दी जा रही पानी सप्लाई की व्यवस्था की जांच शुरू करने का फैसला लिया है। खासतौर पर बड़े बिल्डर्स के साथ किए गए एग्रीमेंट की पड़ताल की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं नियमों के विपरीत पानी की आपूर्ति तो नहीं हो रही।

नगर निगम के जोन-5, जोन-3 और आसपास के क्षेत्रों में पानी की सबसे अधिक मांग सामने आई है। इन इलाकों में नियमित सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

अधिकारियों की बैठक में निर्णय लिया गया कि जहां टंकियों से पानी की आपूर्ति संभव नहीं है, वहां टैंकरों के साथ बोरवेल के माध्यम से भी पानी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में राहत मिल सके।

इंजीनियरों को दिए सख्त निर्देश

महापौर मीनल चौबे ने जलकार्य विभाग के इंजीनियरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे फिलहाल केवल जलापूर्ति व्यवस्था पर ध्यान दें। अन्य कार्यों को कुछ समय के लिए स्थगित रखा जाएगा और सभी जोनों में लगातार निगरानी की जाएगी।

निगम प्रशासन ने कहा है कि पानी सप्लाई से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। जहां भी अनियमितता या गड़बड़ी मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

गर्मी के साथ बढ़ रही परेशानी

तापमान बढ़ने के साथ शहर में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ऐसे में निगम ने सख्ती दिखाते हुए प्राइवेट कॉलोनियों को दी जा रही सप्लाई और उनके एग्रीमेंट की जांच करने का फैसला लिया है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।

Exit mobile version