जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पौना में बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पौना में बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाजा बंद करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें 6 बाराती घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ग्राम खोखरा निवासी देवराज बरेठ ने मुलमुला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को वे बारात के साथ ग्राम पौना पहुंचे थे। बाराती स्कूल पारा के पास बाजा बजाते हुए नाच-गाना कर रहे थे, तभी गांव के कुछ लोग वहां आए और बाजा बंद करने को लेकर विवाद करने लगे। इसके बाद गाली-गलौच करते हुए बारातियों पर हमला कर दिया गया।

मारपीट के साथ बारातियों से पैसे और मोबाइल भी लूट लिए

इस दौरान बीच-बचाव करने आए मनेश्वर यादव सहित अन्य लोगों पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया। देवराज बरेठ के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। धनंजय यादव की आंख में भी गंभीर चोट आई है, उन्हें जिला अस्पताल से सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है। मारपीट के दौरान बारातियों से पैसे और मोबाइल फोन भी लूट लिए गए।

आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया

घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम पौना निवासी नरेंद्र उर्फ लालू नंगरा कश्यप (24), सरोज कश्यप (20), विमल कश्यप (22) और संजय कश्यप (27) शामिल हैं।