महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर अवैध गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने 47.300 किलोग्राम गांजा जब्त कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 23 लाख 65 हजार रुपए है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक में गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक की सीट के नीचे बने गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी गई तीन बोरियों में गांजा बरामद हुआ।
फॉरवर्ड लिंक का आरोपी गिरफ्तार
जांच में पता चला कि यह गांजा ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से लाकर मुंगेली जिले में खपाने की योजना थी। पुलिस ने इस मामले में परिवहनकर्ता के साथ-साथ फॉरवर्ड लिंक के आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। नाबालिकों
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में यूज़ गाड़ी और अन्य सामग्री भी जब्त की। जब्त की गई संपत्ति में एक अशोक लीलैंड ट्रक, एक डिजायर कार, चार मोबाइल फोन और नगद राशि शामिल है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 59 लाख 51 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में ओडिशा के टिटलागढ़, जिला बलांगीर निवासी मोहम्मद मिराज (25) और रोहित पोंड (21) को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त, दो नाबालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मुंगेली निवासी दीपक साहू (25) को फॉरवर्ड लिंक के रूप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस “एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन” में लगी
आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में 74 मामलों में कुल 5685.008 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है और 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब “एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन” के तहत इस तस्करी नेटवर्क के स्रोत और गंतव्य दोनों छोर तक पहुंचकर पूरे गिरोह का खुलासा करने में जुटी है।