छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क पर गिरी टोपी उठाने के दौरान ग्रामीण की हादसे में मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क पर गिरी टोपी उठाने के दौरान ग्रामीण की हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार पल्सर बाइक के चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में उसकी बेटी भी घायल हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक सक्ती जिले के ग्राम सकराली निवासी केशर चंद मैत्री पिछले कुछ समय से तराईमाल में रहकर चंद्रहासिनी स्टील, गेरवानी में काम करता था। रविवार सुबह केशर चंद अपनी पत्नी धनबाई मैत्री और बेटी समीक्षा मैत्री के साथ तराईमाल से रायगढ़ शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।

तेज धूप के कारण उसकी बेटी समीक्षा ने टोपी पहन रखी थी। ग्राम लाखा के पास चलते समय समीक्षा की टोपी अचानक उड़कर सड़क पर गिर गई। ऐसे में केशर चंद ने बाइक रोकी, पत्नी को नीचे उतारा और दोनों वापस टोपी लेने के लिए पीछे की ओर गए।

टोपी उठाते समय बाइक चालक ने मारी टक्कर

टोपी उठाते समय घरघोड़ा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए केशर चंद को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

केशर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे डाक्टरों ने मेट्रो अस्पताल रेफर कर दिया। जहां देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मामले की सूचना पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 184-LKS, 106(1)-BNS, 125(ए)-BNS, 281-BNS के तहत केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।